गुरु पूर्णिमा पर गुरु राम सेवक उछाली आश्रम में हुआ विशाल संत समागम एवं संत भंडारा

हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद। हिमालय डिपो गली स्थित प्रसिद्ध गुरु राम सेवक उछाली आश्रम में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान श्री नरसिंह दास जी महाराज की पतित पावन कृपा से गुरु भगवान परम पूज्य श्री महंत विष्णु दास जी महाराज के पावन सानिध्य में विशाल संत समागम एवं संत भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरिद्वार के अनेकों मठ-मंदिरों एवं आश्रमों से पधारे संत-महापुरुषों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए भोजन प्रसाद ग्रहण किया और गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।

इस अवसर पर श्री महंत विष्णु दास जी महाराज ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही अपने ज्ञान, तप और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से शिष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। गुरु की कृपा से ही मनुष्य के जीवन में ज्ञान, विवेक और भक्ति का संचार होता है। गुरु पूर्णिमा केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपने गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता प्रकट करने का पावन पर्व है।

वहीं श्री महंत श्याम सुंदर जी महाराज ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु के श्रीचरणों में ही सच्चे ज्ञान और आध्यात्मिक शांति का मार्ग निहित है। गुरु की सेवा, सत्संग और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। संतों का सानिध्य और उनके मुखारविंद से निकलने वाली अमृतवाणी मानव जीवन के लिए कल्याणकारी होती है। कार्यक्रम के दौरान आश्रम में भक्तिमय वातावरण बना रहा। संत-महापुरुषों के दर्शन एवं आशीर्वचन प्राप्त कर श्रद्धालु स्वयं को धन्य मानते नजर आए। अंत में सभी संत-महापुरुषों एवं श्रद्धालुओं ने भंडारे में भोजन प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Back to top button