भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य और धर्म का अनुपम संदेश देता है : डॉ. स्वामी चंद्रभूषणानंद जी महाराज हरिद्वार

हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद। भूपतवाला स्थित धर्मनगरी हरिद्वार में प्रातः स्मरणीय डॉ. स्वामी चंद्रभूषणानंद जी महाराज ने भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की अनंत महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन मानव समाज के लिए आदर्श, त्याग, प्रेम, करुणा और धर्म की स्थापना का अनुपम उदाहरण है। भगवान श्रीराम ने अपने आचरण और आदर्शों के माध्यम से संसार को यह संदेश दिया कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, मनुष्य को कभी सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। महाराज श्री ने कहा कि माता जानकी त्याग, तपस्या, धैर्य, पवित्रता और नारी सम्मान की दिव्य प्रतिमूर्ति हैं। भगवान श्रीराम और माता जानकी का पावन चरित्र प्रत्येक परिवार और समाज को प्रेम, विश्वास, समर्पण तथा मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है। रामायण का प्रत्येक प्रसंग हमें जीवन के किसी न किसी महत्वपूर्ण आदर्श से परिचित कराता है। उन्होंने रावण के अंत का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि रावण अत्यंत विद्वान और शक्तिशाली होने के बावजूद अपने अहंकार, अधर्म और बुराइयों के कारण विनाश को प्राप्त हुआ। भगवान श्रीराम ने रावण का अंत कर संसार को यह संदेश दिया कि अहंकार, अन्याय और अधर्म चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हो जाएं, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।महाराज श्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन का प्रसंग केवल उत्सव और उल्लास का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का महापर्व है। जब भगवान श्रीराम माता जानकी एवं लक्ष्मण जी के साथ अयोध्या लौटे, तब संपूर्ण अयोध्या नगरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। अयोध्यावासियों ने अपने आराध्य प्रभु श्रीराम का भव्य स्वागत किया। यह पावन प्रसंग आज भी प्रत्येक भारतीय के हृदय में श्रद्धा, भक्ति और आनंद का संचार करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अत्यंत आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में सत्य, प्रेम, सदाचार, मर्यादा और परोपकार को स्थान दे, तो समाज में सुख, शांति और सद्भावना का वातावरण स्थापित हो सकता है। अंत में महाराज श्री ने भक्तजनों को संदेश देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का स्मरण केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और कर्मों में भी उतारना चाहिए। यही प्रभु श्रीराम के प्रति सच्ची श्रद्धा और भक्ति है।

