श्री ललिता आश्रम में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित हुआ विशाल संत भंडारा हरिद्वार


हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोजानंद। भूपतवाला स्थित श्री ललिता आश्रम में पूज्य गुरु भगवान ब्रह्मलीन गुरुदेव पंडित दीनदयालु जी महाराज की पतित पावन कृपा एवं पावन स्मृतियों को समर्पित विशाल संत भंडारे का भव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर संत सेवा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।इस पावन अवसर पर श्री मनोहर लाल अरोड़ा जी ने अपने भावपूर्ण उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों की सेवा और उनके चरणों में श्रद्धापूर्वक समर्पण करना भारतीय सनातन संस्कृति की महान परंपरा है। संत-महात्मा समाज को धर्म, आध्यात्मिकता, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। संतों के श्रीमुख से निकला ज्ञान मनुष्य के जीवन को नई दिशा प्रदान करता है और उसके भीतर सेवा, प्रेम तथा परोपकार की भावना जागृत करता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन गुरुदेव पंडित दीनदयाल जी महाराज का आशीर्वाद एवं उनकी आध्यात्मिक प्रेरणा सदैव भक्तजनों के जीवन में श्रद्धा और विश्वास का संचार करती रहेगी। संत भंडारे जैसे धार्मिक आयोजन केवल भोजन प्रसाद वितरण तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये समाज में समरसता, प्रेम, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं।उन्होंने कहा कि संत सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। जब मनुष्य निःस्वार्थ भाव से संतों एवं जरूरतमंदों की सेवा करता है, तो उसके जीवन में आध्यात्मिक सुख और आत्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त होता है।कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं का आदर-सत्कार किया गया तथा श्रद्धापूर्वक उन्हें भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन गुरुदेव पंडित दीनदयाल जी महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की। पूरा आश्रम परिसर भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण से सराबोर रहा।

