दीपावली के दीपों का प्रकाश अंतर्मन के अंधकार को मिटाकर ज्ञान का उजियारा फैलाता है : महंत राघवेंद्र दास महाराज हरिद्वार

हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद। कनखल स्थित प्रसिद्ध बड़ा पंचायती उदासीन अखाड़े में दीपावली पर्व की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महंत कोठारी पूज्य राघवेंद्र दास महाराज ने कहा कि दीपावली के दीपों का प्रकाश केवल घरों और आंगनों को ही रोशन नहीं करता, बल्कि मनुष्य के अंतर्मन में बसे अज्ञान और अंधकार को दूर कर ज्ञान रूपी प्रकाश का उदय भी करता है। यह पावन पर्व प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सद्भावना, प्रेम, करुणा और सकारात्मक विचारों का दीप प्रज्वलित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का ऐसा दिव्य पर्व है, जो मानव जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और उमंग का संचार करता है। दीपक की छोटी-सी लौ भी हमें यह संदेश देती है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, प्रकाश की एक किरण उसे दूर करने की क्षमता रखती है। इस अवसर पर कारोबारी महंत पूज्य दिनेश मुनि महाराज ने कहा कि दीपावली का महापर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के लंका विजय के पश्चात अयोध्या आगमन की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व हमें सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश केवल दीप जलाना और उत्सव मनाना नहीं, बल्कि अपने आचरण में अच्छाई अपनाना तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रकाश फैलाना भी है। दोनों संतों ने समस्त देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना की।




