श्रीमद्भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव की महिमा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु हरिद्वार

हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद।विश्व प्रसिद्ध धर्मनगरी हरिद्वार के प्रसिद्ध श्री भोला गिरी आश्रम में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा की अमृतमयी रसधारा प्रवाहित हो रही है। कथा व्यास परम श्रद्धेय डॉक्टर विवेकानंद बाबा जी के श्रीमुख से हो रही कथा में आज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य प्रसंग का श्रवण कर उपस्थित श्रद्धालु भक्ति और आनंद से भावविभोर हो उठे। कथा स्थल जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गुंजायमान हो गया और वातावरण भक्तिमय हो गया। यह पावन श्रीमद्भागवत कथा स्वर्गीय श्रीमती लक्ष्मी बाई एवं स्वर्गीय श्री हरकुल लाल यादव जी की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है। कथा के यजमान श्री प्रकाश यादव जी ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम छठी बार श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कर रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध पावन नगरी हरिद्वार की पवित्र धरा पर ऐसी दिव्य कथा का रसपान करना हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य और जीवन को धन्य करने वाला अनुभव है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से मन को जो शांति, आनंद और आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। ऐसा लगता है कि बार-बार इस दिव्य कथा का रसपान करते रहें और प्रभु की भक्ति में जीवन समर्पित हो जाए। इस अवसर पर श्रीमती मंजुला यादव जी ने अपने भावपूर्ण विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, सद्भाव, प्रेम और भक्ति के मार्ग पर ले जाने का दिव्य माध्यम है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म और कर्तव्य का संदेश देती हैं। ऐसी कथा के श्रवण से परिवार में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मकता का संचार होता है। श्री हेमंत यादव जी ने कहा कि हरिद्वार जैसी पावन तीर्थनगरी में संत-महात्माओं के श्रीमुख से भागवत कथा सुनना जीवन का अनमोल अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हमें अधर्म पर धर्म की विजय और अंधकार में प्रकाश की प्रेरणा देता है। वहीं श्री वीरेंद्र यादव जी ने कहा कि भागवत कथा का प्रत्येक प्रसंग मनुष्य को जीवन की वास्तविकता से परिचित कराता है। कथा श्रवण से मन को शांति मिलती है और प्रभु के प्रति श्रद्धा एवं विश्वास और अधिक प्रगाढ़ होता है। उन्होंने इस पावन आयोजन के लिए समस्त परिवार की ओर से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की। कथा व्यास डॉक्टर विवेकानंद बाबा जी ने भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कृष्ण जन्मोत्सव के उल्लास, भजनों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने स्वयं को प्रभु की भक्ति में लीन कर लिया। समूचा आयोजन श्रद्धा, आस्था, पारिवारिक एकता और आध्यात्मिक उल्लास का सुंदर उदाहरण बना हुआ है। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से समस्त परिवार एवं विश्व के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की मंगलकामना की।


