गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव से भक्तिमय हुआ श्री गौरी शंकर गौशाला का वातावरण, बाबा हठ योगी जी महाराज ने बताई पर्व की आध्यात्मिक महिमा हरिद्वार

हरिद्वार, चंडीघाट। चंडीघाट स्थित श्री गौरी शंकर गौशाला में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट उत्सव के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का सुंदर वातावरण देखने को मिला। इस पावन पर्व पर प्रातः स्मरणीय ज्ञानमूर्ति पूज्य गुरुदेव बाबा हठ योगी जी महाराज ने गोवर्धन पूजा की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन संस्कृति की प्रकृति प्रेम, गौसेवा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। महाराज श्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी दिव्य लीला के माध्यम से धारण कर संपूर्ण संसार को यह संदेश दिया कि प्रकृति, गौमाता और धरती का संरक्षण करना प्रत्येक मनुष्य का परम कर्तव्य है। गोवर्धन पूजा हमें अहंकार का त्याग कर ईश्वर की शरण में रहने तथा जीव मात्र के प्रति दया और करुणा का भाव रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि अन्नकूट महोत्सव केवल भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अन्न के प्रति कृतज्ञता, सेवा, समर्पण और सामूहिक सद्भाव का भी पावन संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग अर्पित कर भक्त अपने जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना करते हैं। बाबा हट योगी जी महाराज ने गौसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौमाता सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति में पूजनीय स्थान रखती हैं। गौसेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है, क्योंकि गौमाता का संरक्षण और उनकी सेवा समाज को दया, धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। अंत में महाराज श्री ने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे धार्मिक पर्वों को केवल परंपरा के रूप में न मनाएं, बल्कि उनके पीछे छिपे आध्यात्मिक संदेश को अपने जीवन में भी आत्मसात करें। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा, गौमाता का आशीर्वाद और संतों का सानिध्य ही मानव जीवन को सच्ची शांति और आनंद की अनुभूति कराता है। इस पावन अवसर पर संपूर्ण वातावरण भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और गौसेवा के संकल्प से आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।

