पहले प्रयास में चार्टर्ड अकाउंटेंट बने रचित अग्रवाल, किया सम्मानित हरिद्वार।


हरिद्वार शिवालिक नगर निवासी रचित अग्रवाल ने अपने प्रथम प्रयास में ही प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। रचित ने सीए कोर्स के सभी स्तरों को सफलतापूर्वक पार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की, जिससे परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है। रचित अग्रवाल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार में कार्यरत शिक्षक श्री विजय अग्रवाल के सुपुत्र हैं। पुत्र की इस उपलब्धि पर परिवार के साथ-साथ विद्यालय परिवार ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। रचित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सतत मार्गदर्शन तथा कठिन परिश्रम को दिया है। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। रचित की इस उपलब्धि पर आज व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। रचित एवं उनके परिवार ने सम्मान के लिए व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। रचित अग्रवाल की यह सफलता हरिद्वार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि दृढ़ निश्चय, परिश्रम और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।




