श्री गुरु कृपा धाम भूपतवालामें भव्य भजन संध्या एवं संत समागम का आयोजन हरिद्वार

हरिद्वार वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद भूपतवाला स्थित श्री गुरु कृपा धाम, श्री रामानंद सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट (जैन मंदिर के पीछे) में वार्षिक दो दिवसीय भजन संध्या एवं संत समागम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर आश्रम का वातावरण भक्ति, ज्ञान और गुरु महिमा के दिव्य रस से सराबोर रहा। कार्यक्रम में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं संत महापुरुषों ने सहभागिता कर गुरु कृपा का लाभ प्राप्त किया।इस दो दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन में परम पूज्य श्री रामानंद सरस्वती महाराज (नकुड़ वाले महाराज जी) की पावन कृपा से ज्ञान की अनंत सरिता प्रवाहित हुई, जिसने उपस्थित भक्तों के हृदय को भक्ति और आत्मचिंतन से ओतप्रोत कर दिया। महाराज जी के श्रीमुख से निकले दिव्य वचनों ने भक्तों के जीवन को कल्याण और सत्य के मार्ग की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर परम पूज्य महाराज जी की परम शिष्या, राष्ट्रपति पदक से सम्मानित देवी सुदीक्षा सरस्वती जी महाराज ने अपने पावन विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु इस संसार रूपी भवसागर की वह अथाह गहराई हैं, जहां पहुंचना हर किसी के वश की बात नहीं। गुरु का सानिध्य प्राप्त होना मनुष्य जीवन का परम सौभाग्य है, क्योंकि गुरु ही वह अमूल्य निधि हैं जो मनुष्य के जीवन को दिशा, प्रकाश और सार्थकता प्रदान करते हैं। गुरु कृपा से ही जीवन का अंधकार मिटता है और आत्मा परम सत्य की ओर अग्रसर होती है।कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या में भक्ति रस से ओतप्रोत सुंदर भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों में लीन होकर गुरु भक्ति और प्रभु स्मरण में तल्लीन दिखाई दिए।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री राजीव कालिया, सचिव श्री संजीव जसूजा, कोषाध्यक्ष श्री अमृत बजाज सहित बड़ी संख्या में भक्तजन, ट्रस्टीगण एवं संत महापुरुष उपस्थित रहे। समस्त आयोजन श्रद्धा, सेवा और गुरु भक्ति का अनुपम संगम बनकर भक्तों के हृदय में अमिट छाप छोड़ गया।




