कनखल में सड़क का गड्ढा बना हादसों का कारण, नगर निगम की अनदेखी से जनता परेशान हरिद्वार

हरिद्वार वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद, कनखल। सुखधाम आश्रम के सामने, जगतगुरु रोड होते हुए चौक बाजार कनखल पहुंचने वाली सड़क पर बना गहरा गड्ढा क्षेत्रवासियों और राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। इस गड्ढे के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस मार्ग पर यात्रियों से भरे बैटरी रिक्शा पलट चुके हैं, जिससे यात्रियों को चोटें आई हैं। वहीं आइसक्रीम विक्रेताओं की ठेलियां भी कई बार असंतुलित होकर पलट जाती हैं।

बताया जा रहा है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण टेंपो के पहिए डगमगा जाते हैं और स्कूटर व बाइक सवार अक्सर संतुलन खोकर गिर जाते हैं। क्षेत्र के लोगों के अनुसार, लगभग हर दिन कोई न कोई व्यक्ति इस गड्ढे की वजह से चोटिल हो रहा है, लेकिन नगर निगम प्रशासन की नींद अब तक नहीं टूटी है।स्थानीय सभासद और संबंधित नगर निगम अधिकारियों की उदासीनता को लेकर आम जनमानस में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद इस समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सड़क की यह बदहाल स्थिति अब आम लोगों के लिए खतरे का सबब बन चुकी है।क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि शीघ्र इस गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

Related Articles

Back to top button