गुरु महिमा और भक्ति रस से सराबोर होगा बाबा जोध सचियार का पावन जन्मोत्सव हरिद्वार

हरिद्वार वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंददूधाधारी चौक स्थित प्रसिद्ध आश्रम डेरा बाबा जोध सचियार में प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान बाबा जोध सचियार जी का पावन जन्मोत्सव 31 मई से 1 जून 2026 तक बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिव्य आयोजन में देशभर से श्रद्धालु, संत महात्मा एवं गुरु प्रेमी भक्तजन सम्मिलित होकर गुरु भक्ति की अलौकिक धारा में स्नान करेंगे।इस पावन अवसर पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी माता करुणा गिरी जी महाराज, भाई अरुण जी भयाना तथा भाई जयपाल सिंह भयाना जी के श्रीमुख से मधुर भजन, सत्संग एवं ज्ञानामृत की वर्षा होगी। भक्तजन गुरु महिमा, भक्ति और अध्यात्म के दिव्य संदेशों को सुनकर अपने जीवन को धन्य एवं कृतार्थ करेंगे। संपूर्ण वातावरण भक्ति रस, हरिनाम संकीर्तन एवं गुरु वंदना से गुंजायमान रहेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत पावन श्री अखंड पाठ साहिब जी एवं लड़ीवार पाठ का आयोजन डेरा साहब संपन्न कराया जाएगा। इस आध्यात्मिक आयोजन में प्रधान भाई विनोद भयाना विधायक झांसी तथा महासचिव भाई मदन मोहन भयाना दिल्ली का विशेष मार्गदर्शन एवं सान्निध्य भक्तजनों को प्राप्त होगा। इस अवसर पर प्रबंधक श्री सुधीर भयाना जी ने गुरु महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि इस संसार में गुरु की महिमा अत्यंत अपरंपार है। गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं जो अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त कर जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु पलक झपकते ही जीव को ईश्वर का साक्षात्कार करा देते हैं। गुरु ही हमें सत्य, धर्म और मानवता का मार्ग दिखाते हैं तथा भटकते हुए मनुष्य को प्रभु चरणों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।उन्होंने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि गुरु के बिना जीवन अधूरा है। गुरु ही हमें भक्ति का वास्तविक मार्ग बताते हैं और भवसागर से पार लगाने वाले सच्चे तारणहार बनते हैं। गुरु कृपा से ही मनुष्य के जीवन में सुख, शांति, सद्बुद्धि और आत्मिक आनंद का संचार होता है। जिस जीवन में गुरु का आशीर्वाद प्राप्त हो जाता है, उसका जीवन सफल और सार्थक बन जाता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं गुरु प्रेमी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य जन्मोत्सव, भजन संध्या एवं सत्संग का लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया, जिससे सभी भक्तजन गुरु कृपा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से अपने जीवन को प्रकाशित कर सकें।


