गुरु वचनों से संवरता है जीवन, मां काली की कृपा से पूर्ण होती हैं मनोकामनाएं: संत निर्मल मुनि महाराज हरिद्वार

हरिद्वार ,वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद। थाना श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लहाड़पुर स्थित फॉरेस्ट चौकी के पीछे अवस्थित प्राचीन मां काली थड़े (मां काली मंदिर) में आयोजित भव्य सत्संग एवं धार्मिक सभा में मंदिर के संस्थापक एवं संचालक परम पूज्य संत निर्मल मुनि जी महाराज ने श्रद्धालुओं के बीच आध्यात्मिक ज्ञान की अमृत वर्षा करते हुए धर्म, भक्ति और गुरु महिमा का विस्तार से वर्णन किया।अपने प्रेरणादायी प्रवचन में संत निर्मल मुनि जी महाराज ने कहा कि प्रातःस्मरणीय गुरु भगवान श्री श्री बाल भगवान रामेश्वर दास जी महाराज ने अपने संपूर्ण जीवन में असंख्य भक्तों को धर्म, कर्म, सेवा और मानव कल्याण का मार्ग दिखाकर उनके जीवन का उद्धार किया। उन्होंने कहा कि गुरु के श्रीमुख से निकले पावन वचन मनुष्य के जीवन का अंधकार दूर कर उसे सत्य, सदाचार और ईश्वर भक्ति के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने कहा कि आदिशक्ति मां काली अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा, अटूट आस्था और निष्काम भक्ति से प्रसन्न होकर उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। सत्संग, सेवा, दान और ईश्वर स्मरण ही मानव जीवन को सफल, सार्थक और कल्याणकारी बनाने का आधार हैं। धार्मिक आयोजन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में अनेक संत-महापुरुष, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।


