गुरु ही भवसागर से पार लगाने वाले सच्चे मार्गदर्शक : महंत जयेंद्र मुनि जी महाराज कार्तिक पूर्णिमा पर श्री राम औषधालय उदासीन आश्रम में विशाल संत समागम एवं संत भंडारे का आयोजन हरिद्वार

हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद। कनखल स्थित होली चौक के प्रसिद्ध श्री राम औषधालय उदासीन आश्रम में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आश्रम के अध्यक्ष महंत पूज्य स्वामी चंद्रमा दास जी महाराज के पावन सानिध्य में विशाल संत समागम एवं संत भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके परम शिष्य महंत जयेंद्र मुनि जी महाराज ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि इस संसार में गुरु की महिमा अनंत है। गुरु ही वह मार्गदर्शक हैं, जो मनुष्य को सत्य, ज्ञान और भक्ति का मार्ग दिखाकर सीधे ईश्वर के श्रीचरणों तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। महंत जयेंद्र मुनि जी महाराज ने कहा कि गुरु की कृपा के बिना जीवन में सच्चे ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु उस दीपक के समान हैं, जिनका प्रकाश मनुष्य के जीवन को प्रकाशित कर देता है। जिस प्रकार भोर होते ही सूर्य का प्रकाश अंधकार को समाप्त कर देता है, उसी प्रकार गुरु अपने ज्ञान और उपदेशों से शिष्य के मन और मस्तिष्क में व्याप्त अज्ञानता को दूर कर उसमें विवेक और सद्ज्ञान का उदय करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु ही भवसागर की नैया के तारणहार हैं और गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। इस अवसर पर आश्रम में विशाल संत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हरिद्वार के विभिन्न मठों, मंदिरों, आश्रमों एवं अखाड़ों से पधारे संत-महापुरुषों ने सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और संतों के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालु स्वयं को धन्य महसूस करते नजर आए।


