80वें स्वतंत्रता दिवस पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भव्य समारोह आयोजित

हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोजानंद। सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति, आचार्यगण, भैया-बहन एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री अरुण सारस्वत जी, प्रबंध समिति अध्यक्ष श्री जगपाल सिंह जी, प्रबंधक डॉ. कपिल गोयल जी, विद्या भारती उत्तराखंड के प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह जी तथा प्रबंध समिति सदस्य डॉ. रमेश भाटिया जी, श्री रमेश जोशी जी, श्री अमित त्यागी जी, श्री राकेश शर्मा जी, श्री अंकित अग्रवाल जी, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य श्री करनैश सैनी जी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुति हुई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” ध्वजगीत, दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन तथा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में भैया-बहनों ने हिंदी, संस्कृत एवं अंग्रेजी में देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण प्रस्तुत किए। शिशु मंदिर के भैया-बहनों द्वारा “माँ तेरी माटी की कसम” देशभक्ति गीत तथा समूह द्वारा “संदेशे आते हैं” की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा आर्मी एक्ट, हाड़ी रानी पर आधारित झांकी तथा विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अरुण सारस्वत जी ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं उनके बलिदानों को स्मरण करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अनेक वीरों के त्याग और संघर्ष से प्राप्त हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में अनुशासन, संस्कार, परिश्रम एवं राष्ट्रभक्ति को अपनाएँ और अपने कार्यों के माध्यम से देश को मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।
प्रबंध समिति अध्यक्ष श्री जगपाल सिंह जी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए शिक्षा एवं संस्कार के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्या भारती उत्तराखंड के प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह जी सहित अन्य उपस्थित अतिथियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और राष्ट्रहित में कार्य करने, भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं विद्यालय परिवार के प्रयासों की अतिथियों ने सराहना की। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री अजय सिंह जी ने मुख्य अतिथि, कार्यक्रम अध्यक्ष, सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रबंध समिति के सदस्यों, आचार्यगण, अभिभावकों एवं भैया-बहनों का हार्दिक आभार प्रकट किया। उन्होंने आगामी परीक्षाओं के संबंध में आवश्यक सूचनाएँ भी प्रेषित कीं तथा विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं परिश्रम के साथ परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। शांति मंत्र के साथ समारोह का समापन हुआ।


