ईश्वर एक है किंतु भक्तों को उनकी पुकार के अनुसार पुकारे गये स्वरूप में दर्शन देते हैं श्री महंत रघुवीर दास महाराज,हरिद्वार l

हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद। श्री सुदर्शन आश्रम अखाड़े में आयोजित आध्यात्मिक सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम में परम पूज्य, प्रातः स्मरणीय परमात्मा स्वरुप महंत रघुवीर दास महाराज ने भक्तजनों को संबोधित करते हुए कहा कि ईश्वर एक हैं, किंतु भक्त जिस भाव, श्रद्धा और विश्वास से उन्हें स्मरण करता है, भगवान उसी स्वरूप में उसे दर्शन देकर उसका मार्गदर्शन करते हैं।महंत श्री रघुवीर दास महाराज ने कहा कि जो भगवान श्रीराम हैं, वही श्रीहरि नारायण हैंऔरवहीशिवस्वरूप होकर संकटमोचन वीर बजरंगबली हनुमान के रूप में भी भक्तों के कल्याण का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा, सज्जनों के कल्याण तथा अधर्म के विनाश के लिए परमात्मा ने समय-समय पर विभिन्न स्वरूपों में पृथ्वी पर अवतार लिया है।उन्होंने आगे कहा कि सच्चे मन, निष्काम भक्ति और अटूट विश्वास के साथ की गई पुकार भगवान तक अवश्य पहुँचती है। ईश्वर अपने भक्तों की पीड़ा हरने, उनका पथ प्रशस्त करने और उनकी मनोकामनाओं को पूर्ण करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सत्य, सेवा, करुणा, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलकर ईश्वर की आराधना करनी चाहिए।महंत श्री रघुवीर दास महाराज के प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक विचारों को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विश्व शांति, मानव कल्याण और धर्म की उन्नति के लिए सामूहिक प्रार्थना की।


