108 वर्षीय संत श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हरिद्वार l


हरिद्वार, वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद। भूपतवाला स्थित माँ कुटी, उत्तम बस्ती, ऋषिकेश रोड भूपतवाला में वैष्णव संप्रदाय के वरिष्ठतम एवं 108 वर्षीय पूज्य संत श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज का जन्मोत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ संत-महापुरुषों के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर संत महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह में उपस्थित संत-महापुरुषों ने पूज्य श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज के तप, त्याग, सेवा एवं आध्यात्मिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके दीर्घायु एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व को समाज के लिए आदर्श बताया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद महाराज ने अपने पावन उद्बोधन में कहा कि पूज्य पटवारी जी महाराज का संपूर्ण जीवन धर्म, भक्ति और मानव सेवा को समर्पित रहा है। उनका सानिध्य समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है तथा नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति के संरक्षण की प्रेरणा देता है। महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद महाराज ने कहा कि संतों का जीवन स्वयं एक दिव्य संदेश होता है। श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज ने अपने आचरण और साधना से अनगिनत लोगों को धर्ममार्ग पर अग्रसर किया है। उनका जन्मोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आध्यात्मिक प्रेरणा का पर्व है। महंत सूरज दास जी महाराज ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे विरक्त एवं तपस्वी संत विरले ही होते हैं, जिनका जीवन लोककल्याण और प्रभु भक्ति में समर्पित हो। उनके आशीर्वाद से असंख्य भक्तों का जीवन धन्य हुआ है। महंत दुर्गा दास महाराज ने कहा कि पूज्य पटवारी जी महाराज का जीवन सादगी, सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उनकी दीर्घ साधना और संतत्व समाज को सदैव प्रेरित करता रहेगा। किशोरी धाम, हरिपुर के स्वामी बाबा मोहन दास महाराज ने अपने पावन संदेश में कहा कि संत समाज की सबसे बड़ी धरोहर होते हैं। श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज का जीवन प्रभु नाम-स्मरण, भक्ति और करुणा का सजीव स्वरूप है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को सीख लेने की आवश्यकता है। समारोह के अंत में संत-महापुरुषों का सम्मान किया गया तथा पूज्य श्री नारायण दास पटवारी जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर आध्यात्मिक मार्गदर्शन की मंगलकामना की गई। संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा एवं संत वाणी की अमृतधारा से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर बोलते हुए महंत गणेश दास महाराज ने कहा संत महापुरुषों का पावन सानिध्य मनुष्य के भक्त भाग्य का उदय कर देता है इस अवसर पर, महंत ज्ञानानंद महाराज महंत दुर्गादास महाराज महंत सूरज दास महाराज महंत केशवानंद महाराज स्वामी सरयू दास महाराज महंत प्रहलाद दास महाराज महंत गणेश दास महाराज कोतवाल कमल मुनि महाराज कोतवाल रामदास महाराज कोतवाल धर्मदास महाराज कोतवाल श्याम गिरी महाराज सहित भारी संख्या में संत महापुरुष भक्तगण उपस्थित थे सभी ने आयोजित भंडारे में भोजन प्रसाद ग्रहण किया



