मां गंगा ऑल इंडिया इन्विटेशनल बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट’ का भव्य उद्घाटन खेलों से मिलती है जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा: सुबोध उनियाल

हरिद्वार( वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोजानंद )में जुटा देशभर की बास्केटबॉल प्रतिभाओं का जमावड़ा; वेस्टर्न कमांड और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे ने जीते शुरुआती मैच हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में जिला बॉस्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘मां गंगा ऑल इंडिया इन्विटेशनल बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उनके साथ नगर विधायक मदन कौशिक, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, मेयर किरण जैसल और पूर्व राज्यमंत्री संजय सहगल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। टूर्नामेंट के शुरुआती दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग का पहला मैच सीआईएसएफ और वेस्टर्न कमांड के बीच खेला गया, जिसमें वेस्टर्न कमांड ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए 80-66 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं महिला वर्ग में सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे के बीच हुई भिड़ंत में नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे की टीम 66-55 से विजयी रही। इस अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 13 टीमें पुरुष और महिला वर्गों में शिरकत कर रही हैं। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन और आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाते हैं। शहर विधायक मदन कौशिक ने इस दौरान प्रदेश सरकार की खेल नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने बताया कि हरिद्वार में पहली बार इस स्तर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिला टीमों की भागीदारी विशेष आकर्षण है। जिला सचिव संजय चौहान और चेयरमैन रवि बजाज ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। इस गरिमामयी कार्यक्रम में स्वामी शरदपुरी महाराज, अजय कुमार, और अन्य स्थानीय नेताओं सहित खेल प्रेमी भारी संख्या में उपस्थित रहे।




