भूपतवाला में श्री राम कथा का भव्य आयोजन, कथा श्रवण कर भाव विभोर हुए श्रद्धालु हरिद्वार

हरिद्वार वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोजानंद भूपतवाला स्थित आस्था धाम धर्मशाला, निकट मंडी गोबिंदगढ़ में श्री राम कथा का भव्य, दिव्य एवं सुंदर आयोजन बड़े श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हो रहा है। यह पावन आयोजन स्वर्गीय श्रीमती निर्मला देवी पत्नी स्वर्गीय श्री देवकीनंदन सिंघल की पुण्य स्मृति में एकल परिवार महागोरा वाले, खैर अलीगढ़ उत्तर प्रदेश द्वारा कराया जा रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रभु श्रीराम की अमृतमयी कथा का रसपान कर रहे हैं। कथा व्यास परम श्रद्धेय श्री सतीश शंकर मधुप जी महाराज अपने श्रीमुख से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, प्रेम एवं धर्म की सुंदर व्याख्या कर भक्तों को भावविभोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री राम कथा केवल कथा नहीं बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाली दिव्य गंगा है। जिस प्रकार प्रभु श्रीराम ने वनवास, संघर्ष और कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा, उसी प्रकार प्रत्येक मनुष्य को जीवन में धैर्य, संयम और सत्य का पालन करना चाहिए।उन्होंने कथा में सुंदर दृष्टांत प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिस घर में राम नाम का स्मरण और कथा का श्रवण होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि माता-पिता की सेवा, गुरु का सम्मान और समाज के प्रति कर्तव्य ही सच्चा धर्म है। कथा के दौरान भजनों एवं राम नाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा तथा श्रद्धालु भाव विभोर होकर जय श्रीराम के उद्घोष करते रहे। इस अवसर पर श्रीमती कमलेश देवी, श्रीमती आशा देवी, उषा गोयल, श्रीमती सुधा गोयल, सुभाष चंद्र सिंघल, मुकेश अग्रवाल, राजेश कुमार सिंघल, विपिन कुमार सिंघल, हरीमन अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, गुरमुख चंद अग्रवाल, सागर सिंघल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी भक्तों के लिए सुंदर व्यवस्थाएं की गई हैं तथा प्रतिदिन श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं।



