गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा और ईश्वर के प्रति निष्काम भक्ति मनुष्य का जीवन सफल कर देती है कथा व्यास पुष्कर भाई शुक्ला हरिद्वार

हरिद्वार वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोजानंद खड़खड़ी स्थित श्री संत मंडल आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पावन अवसर पर कथा व्यास पुष्कर भाई शुक्ला के श्रीमुख से श्रद्धालु भक्तों ने श्रीमद्भागवत महापुराण का अमृतमय श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बनाया। कथा के दौरान रुक्मिणी विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं श्लोकयुक्त वर्णन प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।इस शुभ अवसर पर प्रातःस्मरणीय, परम पूज्य, परम वंदनीय स्वामी राम मुनि जी महाराज का स्नेहमय आशीर्वाद भी भक्तों को प्राप्त हुआ। महाराजश्री ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में भक्ति, गुरु-निष्ठा तथा आध्यात्मिक साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा और भगवान के प्रति निष्काम भक्ति ही जीवन को सफल एवं सार्थक बनाती है। उनके ओजस्वी विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं के हृदय में आध्यात्मिक चेतना का संचार किया तथा सभी ने इस दिव्य सत्संग का लाभ प्राप्त कर स्वयं को कृतार्थ अनुभव किया। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा व्यास द्वारा श्रीकृष्ण चरित्र, भक्तों के आदर्श जीवन तथा सनातन संस्कृति के मूल्यों का सरल एवं प्रभावशाली वर्णन किया गया। भक्तजन कथा श्रवण के साथ-साथ भजन-कीर्तन में भी भावविभोर होकर सम्मिलित हुए। आश्रम का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने कथा के माध्यम से जीवन में सदाचार, सेवा, समर्पण और प्रेम का संदेश ग्रहण किया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज में धर्म और संस्कारों के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। सम्पूर्ण आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का अनुपम संगम बन गया।


