जिसको गुरु चरणों की रज प्राप्त हो जाये उसके भाग्य का उदय हो जाता है स्वामी भीमदेव महाराज हरिद्वार

हरिद्वार वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोजानंद भूपतवाला रानी गली स्थित डंडी स्वामी निगमबोध तीर्थ जी महाराज की असीम कृपा से निगम कुटीर में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विशाल संत भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से आये संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ प्राप्त कर गंगा मैया का पूजन एवं संतों का आशीर्वाद ग्रहण किया। वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया। प्रवचन देते हुए स्वामी महंत भीमदेव जी महाराज ने कहा कि जिस मनुष्य को गुरु चरणों की रज प्राप्त हो जाती है, उसके जीवन और भाग्य का उदय स्वतः हो जाता है। गुरु कृपा से ही मनुष्य के जीवन के सभी दुख और अज्ञान दूर होते हैं तथा उसे सच्चे मार्ग की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य मनुष्य जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य होता है। इस अवसर पर भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





